तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की भिड़ंत में तीन घायल, एक रेफर

मऊ । कहिनौर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार 22 वर्षीय ससीकला और 24 वर्षीय विशाल कुमार घायल हुए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार 16 वर्षीय सतीश यादव को गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सतीश यादव की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं ससीकला और विशाल कुमार का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब दोनों बाइकें अचानक आमने-सामने आ गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना में घायल हुए तीनों लोग कोटवा गांव के निवासी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

TOP

You cannot copy content of this page