जनगणना 2027 का शेड्यूल जारी, 10 जनवरी से खुद गिनवा सकेंगे अपने लोगों की गिनती, 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगी टीम

नई दिल्ली। देश में जनगणना 2027 को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गृह मंत्रालय ने जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर लोगों की गणना की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार नागरिकों को घर पर गणना टीम के पहुंचने से पहले खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराने का विकल्प भी मिलेगा।

गृह मंत्रालय की ओर से 30 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान लोग निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे।

1 मार्च से 5 मार्च तक होगा पुनरीक्षण

सरकार ने जनगणना के आंकड़ों की जांच और आवश्यक सुधार के लिए 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण दौर निर्धारित किया है। इस दौरान दर्ज की गई जानकारियों का सत्यापन और जरूरत के अनुसार संशोधन किया जाएगा।

जनगणना के लिए संदर्भ तारीख 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे यानी 00:00 बजे निर्धारित की गई है। इसी तारीख को आधार मानकर जनसंख्या से जुड़े आंकड़ों का निर्धारण किया जाएगा।

कई राज्यों में अलग से होगी जनगणना

अधिसूचना के मुताबिक, जारी कार्यक्रम में मणिपुर, गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर के बर्फबारी वाले कुछ क्षेत्रों को शामिल नहीं किया गया है। इन क्षेत्रों के लिए अलग कार्यक्रम जारी किया जाएगा।

गौरतलब है कि देश में पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। वर्ष 2021 में प्रस्तावित जनगणना कोरोना महामारी के कारण टल गई थी। ऐसे में करीब 16 साल बाद होने वाली यह जनगणना देश की जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े नए आंकड़े उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page