
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया घाट पर शनिवार की रात दोस्ती का रिश्ता खूनी विवाद में बदल गया। पैसे के लेन-देन को लेकर चल रही पुरानी रंजिश के बीच एक युवक ने अपने ही दोस्त के सिर पर छोटे गैस सिलेंडर से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान कोनिया घाट निवासी अंकित राजभर (27) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान उसी इलाके के रहने वाले किशन विश्वकर्मा (25) के रूप में बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्तों के बीच दो दिन पहले पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार की शाम दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद पान खाने के लिए एक दुकान पर पहुंचे। इसी दौरान पुरानी बातों को लेकर दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आए किशन विश्वकर्मा ने पास में मौजूद छोटे गैस सिलेंडर से अंकित के सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया। हमले में अंकित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
कुछ देर बाद आसपास से गुजर रहे लोगों की नजर सड़क पर पड़े लहूलुहान युवक पर पड़ी। लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक अंकित की मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पैसों के लेन-देन से शुरू हुआ विवाद आखिरकार एक युवक की मौत पर जाकर खत्म हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
