
वाराणसी। पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वाराणसी, राजातालाब, भदोही और प्रयागराज के बीच आवागमन अब और आसान होने जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए वाराणसी सिटी-राजातालाब और बनारस-प्रयागराज रामबाग के बीच नई मेमू ट्रेन सेवाओं का नियमित संचालन 1 नवंबर 2026 से शुरू करने का फैसला किया है। इसके साथ ही बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू ट्रेन का विस्तार औंड़िहार तक कर दिया गया है। इससे वाराणसी से लेकर औंड़िहार तक के छोटे-बड़े स्टेशनों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, नई ट्रेन सेवाओं के संचालन और मार्ग विस्तार से वाराणसी एवं प्रयागराज रामबाग क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।
वाराणसी सिटी-राजातालाब के बीच चार जोड़ी ट्रेनों का संचालन
1 नवंबर से वाराणसी सिटी और राजातालाब के बीच चार जोड़ी मेमू ट्रेनें नियमित रूप से चलेंगी।
पहली ट्रेन (65135/65136): वाराणसी सिटी से सुबह 5:15 बजे चलकर 6:15 बजे राजातालाब पहुंचेगी। वापसी में राजातालाब से सुबह 6:55 बजे चलकर 8 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
दूसरी ट्रेन (65137/65138): वाराणसी सिटी से सुबह 7:45 बजे प्रस्थान कर 8:45 बजे राजातालाब पहुंचेगी। वापसी में राजातालाब से सुबह 10:50 बजे चलकर 11:45 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
तीसरी ट्रेन (65139/65140): वाराणसी सिटी से सुबह 9:10 बजे चलकर 10:10 बजे राजातालाब पहुंचेगी। वापसी में राजातालाब से दोपहर 1 बजे प्रस्थान कर 2:05 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
चौथी ट्रेन (65141/65142): वाराणसी सिटी से शाम 4 बजे चलकर 5:05 बजे राजातालाब पहुंचेगी। वापसी में राजातालाब से शाम 5:25 बजे चलकर 6:35 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
इन ट्रेनों का ठहराव वाराणसी जंक्शन, बनारस, भुल्लनपुर और हरदत्तपुर स्टेशनों पर भी होगा।
बनारस से प्रयागराज रामबाग तक नई मेमू ट्रेन
बनारस और प्रयागराज रामबाग के बीच भी नई मेमू ट्रेन (65123/65124) शुरू की जा रही है।
यह ट्रेन बनारस से सुबह 7 बजे रवाना होकर राजातालाब, माधोसिंह, ज्ञानपुर रोड, हंडिया खास और झूसी होते हुए सुबह 9:50 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन प्रयागराज रामबाग से शाम 6 बजे चलेगी और रात 8:30 बजे बनारस पहुंचेगी। रास्ते में झूसी, हंडिया खास, ज्ञानपुर रोड, माधोसिंह और राजातालाब सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा।
रेलवे के मुताबिक, इन नई मेमू सेवाओं का संचालन आठ मेमू रेक के माध्यम से किया जाएगा।
औंड़िहार तक बढ़ा मेमू ट्रेन का रूट, अब 23:55 बजे पहुंचेगी ट्रेन
रेल यात्रियों के लिए एक और बड़ी सुविधा यह है कि 65111/65112 बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू ट्रेन का मार्ग विस्तार औंड़िहार तक कर दिया गया है। अब यह ट्रेन औंड़िहार से प्रयागराज रामबाग और प्रयागराज रामबाग से औंड़िहार के बीच चलेगी।
औंड़िहार से प्रयागराज रामबाग (65111):
1 नवंबर से ट्रेन औंड़िहार से सुबह 4:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद रजवारी, कादीपुर, सारनाथ, वाराणसी सिटी, वाराणसी, बनारस, भुल्लनपुर, हरदत्तपुर, राजातालाब, बहेड़वां, निगतपुर, कछवा रोड, कटका, माधोसिंह, अहिमनपुर, अलमऊ, ज्ञानपुर रोड, सराय जगदीश, जंगीगंज, अत्रौरा, भीटी, हंडिया खास, सैदाबाद, रामनाथपुर और झूसी होते हुए सुबह 9:05 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी।
प्रयागराज रामबाग से औंड़िहार (65112):
वापसी में ट्रेन प्रयागराज रामबाग से शाम 6:50 बजे रवाना होगी। झूसी, रामनाथपुर, सैदाबाद, हंडिया खास, भीटी, अत्रौरा, जंगीगंज, सराय जगदीश, ज्ञानपुर रोड, अलमऊ, अहिमनपुर, माधोसिंह, कटका, कछवा रोड, निगतपुर, बहेड़वां, राजातालाब, हरदत्तपुर, भुल्लनपुर, बनारस, वाराणसी, वाराणसी सिटी, सारनाथ, कादीपुर और रजवारी होते हुए रात 11:55 बजे औंड़िहार पहुंचेगी।
छोटे स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
रेलवे की इस पहल से वाराणसी, राजातालाब, भदोही और प्रयागराज के बीच रोजाना यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को राहत मिलेगी। खास बात यह है कि मेमू ट्रेनों के जरिए छोटे स्टेशनों को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। औंड़िहार तक मार्ग विस्तार होने से गाजीपुर और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को भी प्रयागराज तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
नई ट्रेन सेवाओं का नियमित संचालन 1 नवंबर 2026 से शुरू होगा।
