
पेट, पीठ और हाथ में लगी गोली, साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल पहुंचाया बीएचयू ट्रॉमा सेंटर; घटना से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
वाराणसी। कमिश्नरेट के लंका थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए पुलिसकर्मी पर फायरिंग कर दी। नरिया तिराहे पर हुई इस घटना में लंका थाने के कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। गोली उनके पेट, पीठ और हाथ में लगी है। गंभीर रूप से घायल सिपाही को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कांस्टेबल अमित शुक्ला पुलिस टीम के साथ नरिया तिराहे पर एक घटना की जांच और संदिग्ध तस्कर को पकड़ने के सिलसिले में पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक हमलावर ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में अमित शुक्ला को तीन गोलियां लग गईं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए घायल कांस्टेबल को संभाला और उन्हें लेकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान, फायरिंग के पीछे की वजह और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
वर्दी पर हमले की इस वारदात ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सभी की निगाहें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कांस्टेबल अमित शुक्ला की सेहत पर टिकी हैं।
