
वाराणसी। बनारस स्टेशन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 31 अक्टूबर के प्रस्तावित कार्यक्रम (वंदे भारत स्लीपर उद्घाटन) को लेकर रेल प्रशासन,जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को डीआरएम वाराणसी आशीष जैन,डीएम सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बनारस स्टेशन पर कार्यक्रम स्थल प्लेटफार्म न.8 का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान आरपीएफ कमांडेंट पंकज चुग,सीनियर डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव,सीनियर डीओएम बालेंद्र पाल,स्टेशन निदेशक रामजी यादव, स्टेशन अधीक्षक विवेक कुमार सिंह,आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक बनारस राजेश कुमार,आरपीएफ महिला एसआई सुमन, एडीसीपी यातायात नृपेंद्र कुमार,एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा,थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का संयुक्त रूप से देश की दूसरी स्लीपर ट्रेन वंदे भारत (वाराणसी से नई दिल्ली) को हरी झंडी दिखाने का प्रस्तावित कार्यक्रम है,लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जब इस बाबत पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता से दैनिक भास्कर मंडुवाडीह प्रतिनिधि ने जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री के वंदे भारत स्लीपर के उद्घाटन कार्यक्रम में आने की ऑफिशियल नोटिफिकेशन अभी नहीं आई है,नोटिफिकेशन आने पर सूचना दी जाएगी।
