
वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतगणना के बीच वाराणसी खंड स्नातक सीट पर सियासी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा बढ़त बनाए हुए हैं। इसी बीच भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए जनादेश को विनम्रता के साथ स्वीकार करने की बात कही है। उन्होंने मतदाताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

केदारनाथ सिंह ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि वाराणसी खंड के सभी सम्मानित स्नातक मतदाताओं ने अपने अमूल्य मत, स्नेह और आशीर्वाद से उन पर जो विश्वास जताया, उसके लिए वह हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बावजूद मतदाताओं का सहयोग और विश्वास उनके लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहेगा।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि उनके लिए राजनीति केवल सत्ता या पद हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और जनसेवा के संकल्प को पूरा करने का निरंतर प्रयास है। उन्होंने लोकतांत्रिक मर्यादा का सम्मान करते हुए जनादेश स्वीकार करने की बात कही।
केदारनाथ सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और गठबंधन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और समर्थकों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी ने चुनाव के दौरान निष्ठा, समर्पण और मेहनत के साथ उनका साथ दिया।
उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि लोकतंत्र में सफलता और असफलता चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा हैं, लेकिन जनसेवा का संकल्प किसी परिणाम पर निर्भर नहीं होता।
वाराणसी खंड स्नातक सीट पर मतगणना जारी
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों में से 10 के परिणाम सामने आ चुके थे, जबकि वाराणसी खंड स्नातक सीट पर मतगणना जारी थी। नौ चक्रों की गणना पूरी होने के बाद प्रथम वरीयता के मतों की गिनती के पश्चात द्वितीय वरीयता के मतों की गणना शुरू की गई थी। सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा बढ़त बनाए हुए थे। ऐसे में इस सीट के अंतिम परिणाम पर राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें टिकी हुई थीं।
