दीपोत्सव से पहले जगमगाया अयोध्या का राम मंदिर, आकर्षक रोशनी से सजा राम जन्मभूमि परिसर

अयोध्या। दीपावली के पावन पर्व से पहले रामनगरी अयोध्या में उत्सव और भक्ति का माहौल दिखाई देने लगा है। भगवान श्रीराम की नगरी दीपोत्सव के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हो रही है। इसी क्रम में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। रात के समय रोशनी से नहाया मंदिर परिसर बेहद मनमोहक नजर आ रहा है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से मंदिर की भव्य सजावट की तस्वीरें साझा की गई हैं। इन तस्वीरों में मंदिर की स्थापत्य कला और आकर्षक रोशनी का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर की जगमगाहट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

दीपावली भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की स्मृति में मनाई जाती है। मान्यता है कि उनके आगमन पर अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर पूरी नगरी को रोशन किया था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दीपोत्सव में लाखों दीप जलाकर रामनगरी को आलोकित किया जाता है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अपने घरों और आसपास दीपक जलाने की अपील की है। यह पहल आस्था, भक्ति और प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। दीपोत्सव को लेकर अयोध्या में भक्तिमय उत्साह चरम पर है।

TOP

You cannot copy content of this page