
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दृष्टिबाधित व्यक्ति नवाब खान को स्मार्ट केन (विशेष छड़ी) भेंट की। नवाब खान ग्राम लोहरा, पोस्ट सुकृत, तहसील रॉबर्ट्सगंज के निवासी हैं।
जिलाधिकारी की ओर से दी गई इस स्मार्ट केन से नवाब खान को दैनिक जीवन में आवागमन के दौरान आसपास मौजूद बाधाओं को पहचानने में मदद मिलेगी। इससे उनके लिए रास्ते पर चलना पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिलाधिकारी की इस पहल को दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय सरोकारों की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
