
न्यायालय में प्रभावी पैरवी, केस डायरी की शुद्धता और जमानत सत्यापन को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार, 25 अक्टूबर को पुलिस लाइन चुर्क स्थित सभागार में ऑपरेशन कन्विक्शन सहित न्यायालय से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने लंबित मुकदमों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण, न्यायालय में मजबूत पैरवी और अभिलेखों की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर, सदर और घोरावल सर्किल के क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, न्यायालय पैरोकार, शाखा प्रभारी, मॉनिटरिंग सेल, जमानत सत्यापन सेल और रिट सेल के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी, फर्द चालानी, केस डायरी तैयार करने, बेल एवं जमानत सत्यापन और रिमाण्ड से जुड़े मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि न्यायालय में लंबित प्रकरणों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और सभी आवश्यक कार्यवाही निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए।
एसपी ने न्यायालय से संबंधित अभिलेखों को सही एवं अद्यतन रखने, अभियोजन से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय स्थापित करने और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि न्यायालयीन कार्यवाही अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाई जा सके।
