सोनभद्र: मतदेय स्थलों के पुनः निरीक्षण के निर्देश, 25 अक्टूबर तक आपत्ति और सुझाव मांगे

जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, अब तक 1660 मतदेय स्थल चिह्नित

सोनभद्र। जिले में आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों से संबंधित समस्याओं, आपत्तियों और आवश्यक सुझावों पर चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदेय स्थलों के संभाजन की प्रक्रिया चल रही है। जनपद में अब तक कुल 1660 मतदेय स्थल चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि किसी मतदेय स्थल को लेकर कोई समस्या, आपत्ति या सुझाव हो, तो उसे 25 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें, ताकि प्राप्त प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि इससे पहले आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों की ओर से दिए गए सुझावों और प्रस्तावों का निस्तारण किया जा चुका है। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी मतदेय स्थलों का पुनः निरीक्षण करें और वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाएं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदेय स्थलों का निर्धारण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में सदर विधायक भूपेश चौबे, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों में उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष कुमार त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी घोरावल विशाल सिंह, उपजिलाधिकारी ओबरा रवि पासवान, उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page