
वाराणसी। धर्मनगरी काशी में रविवार को भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और सामरिक ताकत का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो शुरू होते ही आसमान विमानों की गर्जना से गूंज उठा। गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए नमो घाट और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।
एयर शो के दौरान चेतक हेलीकॉप्टरों ने आसमान में तिरंगा लहराकर देशभक्ति का रंग बिखेरा। स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर और अपाचे ने ‘भागीरथी फॉर्मेशन’ के जरिए अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। वहीं, चिनूक हेलीकॉप्टर ने मां गंगा को नमन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रदर्शन में ‘भैरव’ फॉर्मेशन के तहत सी-295 और दो डोर्नियर विमानों ने विक्ट्री फॉर्मेशन में उड़ान भरी। वहीं, ‘नटराज’ फॉर्मेशन में नौसेना के पी-8आई विमान के साथ मिराज-2000 ने आसमान में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। विमानों की तेज गर्जना और उनके सधे हुए करतबों से पूरा वातावरण रोमांच और उत्साह से भर गया।
वायुसेना के शौर्य पर गदगद हुए पीएम मोदी, इशारे से किया जय हिंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो घाट पर एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के साहस और सामर्थ्य को करीब से देखा। विमानों के शानदार प्रदर्शन के बीच उन्होंने इशारे से ‘जय हिंद’ का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री के इस अंदाज को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उत्साह जताया।
एयर शो में 100 से अधिक विमानों और हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गंगा की लहरों के ऊपर आसमान में उड़ते विमान, हेलीकॉप्टरों की सटीक संरचनाएं और तिरंगे की झलक ने काशीवासियों के लिए इस आयोजन को यादगार बना दिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान घाटों पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। भारतीय वायुसेना के इस प्रदर्शन ने न केवल उसकी परिचालन क्षमता और तकनीकी दक्षता की झलक पेश की, बल्कि काशी के आसमान में राष्ट्रगौरव और शौर्य की एक अविस्मरणीय तस्वीर भी उकेर दी।
