
गंगा घाटों से आसमान तक रोमांच का माहौल, लड़ाकू विमानों की गर्जना पर गूंज उठीं तालियां और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में भारतीय वायुसेना के एयर शो ने लोगों को रोमांच से भर दिया। नमो घाट से लेकर गंगा के आसपास के इलाकों तक लोगों की निगाहें आसमान पर टिकी रहीं। जैसे ही लड़ाकू विमानों ने अपनी रफ्तार और करतबों से आसमान में रोमांच बिखेरा, पूरा माहौल तालियों और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा।
एयर शो के दौरान बनारसियों का ठेठ अंदाज भी खूब देखने को मिला। आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना के बीच स्थानीय लोग अपने चिरपरिचित अंदाज में कहते सुनाई दिए, “गुरु… आ गईल सुखोई, अब आई राफेल!” बनारसी बोली में उत्साह से भरे इन शब्दों ने कार्यक्रम के रोमांच में चार चांद लगा दिए।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में वायुसेना के प्रदर्शन को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। लोग मोबाइल कैमरों में विमानों की कलाबाजियां कैद करते नजर आए। आसमान में तेज रफ्तार से गुजरते विमानों को देखकर दर्शक कभी तालियां बजाते तो कभी भारत माता की जय के नारे लगाते दिखे।
भारतीय वायुसेना के इस प्रदर्शन ने काशीवासियों को देश की सैन्य ताकत, तकनीक और वायुसेना के कौशल की झलक दिखाई। गंगा की लहरों और आसमान में गूंजती विमानों की आवाज के बीच काशी का यह नजारा लोगों के लिए यादगार बन गया।
