BHU में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, हैदराबाद गेट पर छात्रों का हंगामा; कार में जमकर तोड़फोड़

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर स्थित बिरला हॉस्टल के सामने तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक मौके से भागने लगा। यह देख वहां मौजूद छात्र और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कार का पीछा करना शुरू कर दिया।

भाग रही कार को छात्रों और स्थानीय लोगों ने हैदराबाद गेट के पास रोक लिया। कार रुकते ही भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कार सवारों के साथ मारपीट की और गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। देखते ही देखते कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद हैदराबाद गेट के पास काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना मिलते ही चितईपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ के बीच फंसे दोनों कार सवारों को बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों को चितईपुर थाने ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, हादसे में घायल बाइक सवार को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद BHU परिसर में सड़क सुरक्षा और आक्रोशित भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

TOP

You cannot copy content of this page