वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में छात्रसंघ बहाली की माँग को लेकर छात्रसंघ भवन पर पिछले छह दिनों से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के समर्थन में आज विश्वविद्यालय के आम छात्रों ने MMV तिराहे पर कुलपति का पुतला दहन किया। इस दौरान छात्रों ने छात्रसंघ बहाली की माँग को लेकर अपनी आवाज़ बुलंद की और आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
इस अवसर पर छात्र नेता शिवांश सिंह ने विश्वविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि छात्रसंघ केवल चुनाव लड़ने या जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक विद्यार्थी की आवाज़, अधिकारों और लोकतांत्रिक भागीदारी का महत्वपूर्ण मंच है। आज विश्वविद्यालय के आम छात्रों का इस आंदोलन के समर्थन में आगे आना यह दर्शाता है कि छात्रसंघ बहाली की माँग केवल कुछ छात्रों की नहीं, बल्कि व्यापक छात्र समुदाय से जुड़ा विषय है।
उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय के प्रत्येक छात्र-छात्रा को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए जागरूक होकर आगे आना चाहिए। यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष या संगठन का नहीं, बल्कि BHU के समस्त विद्यार्थियों के भविष्य और उनके प्रतिनिधित्व के अधिकार का संघर्ष है।
शिवांश सिंह ने सभी छात्र संगठनों एवं आम विद्यार्थियों से अपील की कि वे आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर छात्रसंघ बहाली की इस माँग में एकजुट हों और शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी अनिश्चितकालीन धरने को अपना समर्थन प्रदान करें।
