
लावारिस हालत में मिला था 4 वर्षीय बच्चा, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खोज निकाला परिवार
कोन/सोनभद्र। सोनभद्र पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए लावारिस अवस्था में मिले चार वर्षीय मासूम बच्चे को महज पांच घंटे के भीतर सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिवार में खुशी का माहौल छा गया और परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को थाना कोन क्षेत्र में करीब चार वर्षीय बच्चा अकेले घूमता हुआ मिला। कम उम्र होने के कारण बच्चा अपना नाम, पता और घर की जानकारी नहीं बता पा रहा था। इस पर कोन पुलिस ने तत्काल बच्चे को संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ग्राम देवतन पहुंची। वहां बच्चे की तस्वीर दिखाकर जानकारी जुटाई गई, जिसके बाद उसकी पहचान ग्राम देवतन निवासी सद्दाम हुसैन के पुत्र के रूप में हुई।
आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने मासूम को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने सोनभद्र पुलिस और थाना कोन की टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई। सोनभद्र पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को सार्वजनिक स्थानों पर अकेला न छोड़ें। किसी भी बच्चे के लावारिस अवस्था में मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
