सोनभद्र में 2.37 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

SATYA SANATAN TRUST के बैंक खाते से जुड़े मिले 35 साइबर फ्रॉड शिकायतें, पुलिस ने तीन मोबाइल फोन किए बरामद

सोनभद्र। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी पुलिस ने करोड़ों रुपये की कथित साइबर ठगी के मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, SATYA SANATAN TRUST के नाम से पंजीकृत बैंक खाते से करीब 2 करोड़ 37 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का मामला सामने आया है। इस खाते से संबंधित साइबर फ्रॉड की कुल 35 शिकायतें दर्ज पाई गई थीं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, समन्वय (JMIS) पोर्टल पर संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान 16 अक्टूबर 2026 को उक्त खाते से जुड़ी शिकायतों और संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली थी। इसके आधार पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रही जांच के दौरान 25 अक्टूबर को दुद्धी पुलिस म्योरपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दुद्धी रेलवे स्टेशन परिसर रोड से सुबह करीब 6:40 बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश निवासी चंदौली, अंजनी कुमार निवासी दुद्धी और वेदान्त मौर्या निवासी दुद्धी के रूप में हुई है। पुलिस ने हरिकेश पाण्डेय को मामले का मुख्य आरोपी बताया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी साइबर हर्ष पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

TOP

You cannot copy content of this page