इंदिरा हॉस्पिटल के डायरेक्टर के भाई पर जानलेवा हमला, गर्दन पर धारदार हथियार से किया वार; मृत समझकर भागे हमलावर

वाराणसी के कुरवा गांव में आधी रात घर में घुसकर वारदात, पीड़ित ने एक साल पहले भी हमले का किया दावा; दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के कुरवा गांव में रविवार देर रात घर में घुसकर उमेश शेखर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चारदीवारी फांदकर घर में घुसे दो हमलावरों ने उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गर्दन पर टांके लगाए गए। पीड़ित के मुताबिक, हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।

आधी रात घर में घुसे हमलावर, गर्दन पर किया वार

पीड़ित उमेश शेखर पुत्र शंकर राम ने रोहनिया पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार रात करीब 12:30 बजे वह घर में मौजूद थे। इसी दौरान दो लोग चारदीवारी फांदकर कमरे में घुस आए। पीड़ित ने उनमें से एक की पहचान गजाधरपुर निवासी मगरू प्रसाद यादव के रूप में की है, जबकि दूसरे आरोपी को सामने आने पर पहचानने का दावा किया है।

आरोप है कि कमरे में घुसते ही मगरू प्रसाद यादव ने उमेश की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह लहूलुहान हो गए। पीड़ित का आरोप है कि वारदात के बाद हमलावर उन्हें मृत समझकर भाग निकले। जाते समय धमकी देने की बात भी तहरीर में कही गई है।

एक साल पहले भी हमले का दावा

उमेश शेखर ने दावा किया कि करीब एक साल पहले भी उन पर जानलेवा हमला हुआ था। उस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। दोबारा हमले की घटना से परिवार के लोग सहमे हुए हैं। घटना के बाद उमेश की पत्नी ने उनके बड़े भाई डॉ. चंद्रशेखर को सूचना दी।

उमेश अपने बड़े भाई के साथ इंदिरा हॉस्पिटल एवं नर्सिंग इंस्टीट्यूट के प्रबंधन का काम देखते हैं। डॉ. चंद्रशेखर इसी अस्पताल में प्रमुख चिकित्सक हैं।

दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा, गिरफ्तारी के लिए दबिश

पीड़ित ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, रोहनिया थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह के अनुसार, उमेश शेखर की तहरीर के आधार पर मगरू प्रसाद यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। दूसरे आरोपी की पहचान करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब नामजद आरोपी की गिरफ्तारी और दूसरे हमलावर की पहचान पर पुलिस की कार्रवाई टिकी है।

TOP

You cannot copy content of this page