बीच सड़क खड़ा ट्रेलर बना हादसे की वजह: भदोही ओवरब्रिज पर टक्कर, घंटेभर जाम

भदोही। जिले के गोपीगंज ओवरब्रिज पर मंगलवार को दो ट्रेलरों की टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। गुजरात से पश्चिम बंगाल जा रहा एक ट्रेलर, बीच सड़क पर लापरवाही से खड़े दूसरे ट्रेलर से पीछे से जा भिड़ा। हादसे में एक चालक घायल हो गया, जबकि ओवरब्रिज पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।

घायल चालक की पहचान पंजाब के मोगा निवासी शिंद्रपाल के पुत्र विक्रम सिंह (28) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में भर्ती कराया।

घायल विक्रम सिंह ने बताया कि ओवरब्रिज पर दोनों ओर से वाहनों का लगातार आवागमन हो रहा था। इसी दौरान बीच सड़क पर खड़ा ट्रेलर अचानक सामने आ गया। उन्होंने वाहन को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दूरी कम होने के कारण ट्रेलर सीधे खड़े वाहन से टकरा गया।

हादसे के बाद ओवरब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क पर खड़े ट्रेलर पर भारी सामान लदा होने के कारण उसे हटाने में काफी दिक्कत आई। पहली क्रेन ट्रेलर को हटाने में नाकाम रही, जिसके बाद दूसरी क्रेन बुलाई गई। घंटों की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटाया गया और यातायात फिर से सामान्य हो सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस ट्रेलर से दुर्घटना हुई, उसका चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह लापरवाही से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

TOP

You cannot copy content of this page