
वाराणसी के एयर शो की मेजबानी कर चुकीं भारतीय वायु सेना की अधिकारी अंकिता सिंह को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भेंट किया स्मृति चिह्न
छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने अपने शानदार हवाई प्रदर्शन से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। टीम ने हेलीकॉप्टर के माध्यम से अद्भुत कौशल, साहस और शौर्य का प्रदर्शन किया। इस दौरान सारंग हेलीकॉप्टर का विशेष डिस्प्ले भी किया गया, जिसे देखकर उपस्थित लोग रोमांचित नजर आए।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सारंग हेलीकॉप्टर टीम के सदस्य को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वाली भारतीय वायु सेना की स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह हैं।
खास बात यह है कि स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह वाराणसी में आयोजित भव्य एयर शो की मेजबानी भी कर चुकी हैं। गंगा के ऊपर भारतीय वायु सेना के विमानों और हेलीकॉप्टरों के रोमांचक प्रदर्शन वाले इस आयोजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित होकर उन्होंने एक बार फिर भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता और गौरवशाली परंपरा को प्रदर्शित किया। सारंग टीम का यह प्रदर्शन समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।
