रामनगर से लंका तक भीषण जाम, घंटों हलकान रहे राहगीर

सामने घाट पुल पर तीन बसों के आमने-सामने आने से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, सड़क खोदाई ने बढ़ाई मुश्किलें

वाराणसी। रामनगर के शास्त्री चौक से लेकर लंका तक मंगलवार को भीषण जाम लगने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सामने घाट पुल पर तीन बड़ी बसों के आमने-सामने आ जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

पुल पर वाहनों के फंसने के बाद दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों में आगे निकलने की होड़ मच गई। कई वाहन चालकों ने दूसरी लेन से निकलने का प्रयास किया, जिससे सड़क पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया। देखते ही देखते जाम ने विकराल रूप ले लिया। रामनगर से लंका की ओर जाने वाले और वापस लौटने वाले राहगीरों को काफी देर तक रास्ता खुलने का इंतजार करना पड़ा।

राहगीरों का आरोप है कि जाम के दौरान मौके पर यातायात पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी नहीं थी। यदि समय रहते पुलिसकर्मी पहुंचकर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकलवाते तो लोगों को इतनी देर तक परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।

वहीं, शास्त्री चौक से घाट की ओर अंडरपास के रास्ते जाने वाले मार्ग पर पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई सड़क की खोदाई ने भी समस्या को गंभीर बना दिया। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। स्थिति यह रही कि दोपहिया वाहन चालकों को भी निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी।

स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि एक ओर पुल पर वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही और दूसरी ओर सड़क की खोदाई के कारण जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों ने संबंधित विभागों से यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने और खोदी गई सड़क को जल्द ठीक कराने की मांग की है।

TOP

You cannot copy content of this page