कुएं में बेहोश हुए पिता को बचाने उतरा बेटा, गैस के असर से दोनों फंसे; पुलिस-फायर टीम ने सकुशल निकाला

भदोही, 6 सितंबर। गोपीगंज थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव में रविवार सुबह कुएं में गिरे पिता को बचाने उतरा बेटा भी जहरीली गैस की चपेट में आकर अस्वस्थ हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112 और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, घाटमपुर निवासी शिव कुमार विश्वकर्मा (52) ट्यूबवेल से पानी न उठने की समस्या देखने के लिए कुएं में उतरे थे। काफी समय से ढके होने के कारण कुएं के अंदर गैस बनी हुई थी। गैस के प्रभाव से शिव कुमार की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए।

पिता को बेहोश देखकर उनका 30 वर्षीय बेटा कैलाश विश्वकर्मा भी कुएं में उतर गया। अंदर पहुंचते ही गैस के कारण उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी। उसने किसी तरह आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी।

सूचना पर PRV-5528, गोपीगंज थाना पुलिस और फायर सर्विस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शुरू किए गए बचाव अभियान में दोनों को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला गया। शिव कुमार के सिर में हल्की चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से महाराजा चेत सिंह चिकित्सालय, ज्ञानपुर भेजा गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते पिता-पुत्र की जान बच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बचाव टीम की तत्परता और साहस की सराहना की।

TOP

You cannot copy content of this page