मछलीशहर में 50 हजार का इनामी असलहा तस्कर गिरफ्तार, एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जौनपुर। मछलीशहर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध असलहा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सुनील दुबे को गिरफ्तार किया है। आरोपी मिर्जापुर जनपद का निवासी है और उसके खिलाफ प्रयागराज, मिर्जापुर तथा जौनपुर में आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को मछलीशहर पुलिस ने पुराफगुई नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों से आ रहे तीन अभियुक्तों शिव प्रकाश मिश्रा, मनकामेश्वर मिश्रा और प्रियांशु शुक्ला को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार देशी तमंचे, चार देशी पिस्टल, छह मोबाइल फोन और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया था कि मिर्जापुर निवासी सुनील दुबे उन्हें बिक्री के लिए अवैध असलहे उपलब्ध कराता था। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सुनील दुबे को वांछित घोषित किया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया।

28 नवंबर को एसटीएफ फील्ड इकाई वाराणसी को सूचना मिली कि सुनील दुबे मछलीशहर से प्रयागराज जाने वाला है। सूचना के आधार पर थाना मछलीशहर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पुराफगुई नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अवैध असलहों की सप्लाई करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए रात में सुनसान रास्तों का इस्तेमाल करता था। आरोपी के मुताबिक, वह पिस्टल करीब 30 हजार रुपये और तमंचा करीब पांच हजार रुपये में बेचता था।

गिरफ्तार अभियुक्त सुनील दुबे पुत्र रामशिरोमणि दुबे, ग्राम हरसड़, पोस्ट बरडीहा, थाना हलिया, जनपद मिर्जापुर का निवासी है। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस के अनुसार, सुनील दुबे के खिलाफ प्रयागराज के नैनी और मिर्जापुर के कछवां थाने में भी अवैध असलहों से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को अवैध असलहा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

TOP

You cannot copy content of this page