नौकरी दिलाने के नाम पर 55 लाख की ठगी का आरोप, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

सोनभद्र। नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में रायपुर पुलिस ने एक वांछित हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कर रेलवे तथा भारतीय खाद्य निगम (FCI) में नौकरी दिलाने का झांसा देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अब तक 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। उसके कब्जे से एक एंड्रायड मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रायपुर विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 27 नवंबर को सुबह 7:40 बजे बुढिवार पुलिया के पास से आरोपी मनोज कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को देवरिया निवासी दयानंद शर्मा ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने भारतीय खाद्य निगम में असिस्टेंट (AG-III) के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे 10 लाख रुपये मांगे थे। आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से 8 लाख 14 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से तैयार फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र सौंप दिया।

दस्तावेजों के फर्जी होने का संदेह होने पर शिकायतकर्ता ने शेष दो लाख रुपये देने से मना कर दिया और अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर (HS संख्या 36A) है। वह खुद को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देता था। राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपी के खिलाफ सोनभद्र और देवरिया सहित विभिन्न थानों में धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र वीरेंद्र बहादुर पाण्डेय, ग्राम रायपुर, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

TOP

You cannot copy content of this page