वाराणसी में महिंद्रा कबीरा फेस्टिवल के 10 साल पूरे, 4 से 6 दिसंबर तक गंगा किनारे सजेगा संगीत और कबीर दर्शन का उत्सव

वाराणसी(काशीवार्ता)। संत कबीर की वाणी, संगीत और विचारों को समर्पित महिंद्रा कबीरा फेस्टिवल का 10वां संस्करण 4 से 6 दिसंबर 2026 तक वाराणसी के ऐतिहासिक घाटों पर आयोजित होगा। इस बार पिछले संस्करणों में शामिल कलाकार भी एक मंच पर जुटेंगे और अपनी प्रस्तुतियों से पुरानी यादों को ताजा करेंगे।

महिंद्रा समूह द्वारा प्रस्तुत और टीमवर्क आर्ट्स द्वारा निर्मित फेस्टिवल की शुरुआत 4 दिसंबर को गुलेरिया कोठी में गंगा आरती और कबीरचौरा मठ के आध्यात्मिक गुरु उमेश कबीर से संवाद के साथ होगी। इसके बाद कलापिनी कोमकली अपने पिता कुमार गंधर्व को संगीतमय श्रद्धांजलि देंगी।

5 और 6 दिसंबर को सुबह शास्त्रीय संगीत, गिटार और बनारसी संगीत परंपराओं की प्रस्तुतियां होंगी। विदुषी डॉ. कमला शंकर, स्वेता किल्पाडी, द महाराज ट्रायो और द आह्वान प्रोजेक्ट कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। दोपहर में कबीर की कविता और दर्शन पर संवाद होंगे।

शिवाला घाट पर शाम के संगीत कार्यक्रम में पद्मश्री प्रह्लाद टिपानिया, पद्मश्री अरुणा साईराम, फकीरा और वासु दीक्षित कलेक्टिव अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कठपुतली कला और कबीरा आर्ट प्रोजेक्ट भी आकर्षण होंगे।

आयोजन में हेरिटेज वॉक, मंदिर दर्शन, नौका विहार, हस्तशिल्प और स्थानीय खान-पान का अनुभव मिलेगा। पर्यावरण संरक्षण के तहत प्लास्टिक मुक्त परिसर और कचरा पृथक्करण की व्यवस्था रहेगी। दस वर्षों का यह सफर कबीर के समावेशी दर्शन और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।

TOP

You cannot copy content of this page