बनारस स्टेशन पर बना आधुनिक गेमिंग जोन, बच्चों के मनोरंजन के साथ मिलेगा बनारसी नाश्ता

वाराणसी। बनारस स्टेशन अब यात्रियों के लिए केवल ट्रेन पकड़ने और यात्रा करने का स्थान नहीं, बल्कि मनोरंजन और बनारसी स्वाद का नया केंद्र बनने जा रहा है। स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के पास सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित नंदी पार्क में आधुनिक गेमिंग जोन तैयार किया गया है। यहां यात्रियों और उनके बच्चों के लिए मनोरंजन की कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

रेलवे की इस पहल से ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को अब स्टेशन पर ही मनोरंजन का बेहतर विकल्प मिलेगा। अभिभावक अपने बच्चों के साथ समय बिता सकेंगे, वहीं बच्चे यात्रा की थकान भूलकर खेल-कूद का आनंद उठा सकेंगे।

गेमिंग जोन में बच्चों के लिए झूला, जंपिंग, ट्रैम्पोलिन, मिकी माउस और टी-कप्स जैसी आकर्षक सुविधाएं लगाई गई हैं। छोटे बच्चों से लेकर बड़े बच्चों तक के लिए खेलने के अलग-अलग साधन उपलब्ध हैं। इसके अलावा पार्क में नंदी सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है, जहां यात्री नंदी की प्रतिमा के साथ यादगार तस्वीरें खिंचवा सकेंगे। यह सेल्फी पॉइंट काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाता है।

मनोरंजन के साथ मिलेगा बनारसी स्वाद

गेमिंग जोन में जल्द ही बनारसी नाश्ते की सुविधा भी शुरू होने जा रही है। यहां यात्रियों को कचौड़ी-सब्जी, जलेबी, चाय सहित अन्य प्रसिद्ध बनारसी व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। इससे बाहर से आने वाले यात्रियों को स्टेशन पर ही काशी के खानपान का अनुभव मिल सकेगा।

इन सुविधाओं का बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन और सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव ने फीता काटकर उद्घाटन किया। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे की इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना है कि इससे बनारस स्टेशन की सुंदरता बढ़ने के साथ यात्रियों को सुविधाजनक और यादगार अनुभव मिलेगा।

TOP

You cannot copy content of this page