
लोहता में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सामाजिक न्याय और वंचितों के अधिकारों के लिए नेताजी के संघर्ष को किया याद
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर रविवार को वाराणसी के लोहता स्थित सगुन लॉन, भट्टी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनसेवा का संकल्प हमेशा समाज को प्रेरित करता रहेगा। नेताजी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के अधिकारों की बुलंद आवाज थे।
उन्होंने कहा कि गांव की पगडंडियों से निकलकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचने का उनका सफर संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल है। नेताजी ने हमेशा सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का काम किया।
अजय राय ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के विचार और समाजवादी मूल्यों की विरासत सदैव जीवित रहेगी। भारतीय राजनीति और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़ पहलवान’ ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, ओमप्रकाश ओझा, सुनील राय, घनश्याम सिंह सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
