
वाराणसी (काशीवार्ता)। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और ट्रैफिक विभाग की ओर से लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन मंडुवाडीह चौराहे और बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के आसपास की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। यहां ऑटो और टोटो चालकों की मनमानी के चलते आए दिन जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बनारस स्टेशन के सामने का दृश्य
मंडुवाडीह चौराहे से महमूरगंज आरओबी की ओर जाने वाली सड़क के दोनों किनारों पर टोटो चालक अपने वाहन खड़े कर सवारियां भरने में व्यस्त रहते हैं। सड़क किनारे वाहनों की कतार लगने से पहले से व्यस्त मार्ग पर आवागमन प्रभावित होता है। कई बार दूसरे वाहनों को निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
कमोबेश यही हाल बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-8 की ओर बने प्रवेश द्वार के पास भी देखने को मिलता है। यहां ऑटो चालकों के साथ कुछ दुकानदार भी सड़क तक दुकानें फैलाकर बैठ जाते हैं। नतीजतन यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को आने-जाने में दिक्कत होती है।

हैरानी की बात यह है कि इन स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के बावजूद मंडुवाडीह पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। आखिर सड़क पर इस तरह वाहन खड़े करने और अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इस समस्या की जानकारी नहीं है या फिर सब कुछ देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है? अब जरूरत है कि पुलिस और यातायात विभाग संयुक्त अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराएं, ताकि आम जनता को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
