बनारस स्टेशन पर वन्यजीव तस्करी का बड़ा भंडाफोड़! 7 लाख के 23 दुर्लभ कछुओं के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन पर वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। RPF, GRP और CIB की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन विलेप’ के तहत कार्रवाई करते हुए दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 23 जीवित इंडियन सॉफ्टशेल कछुए बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

कार्रवाई 18 नवंबर 2026 को बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार स्थित नंदी पार्क के पास पुराने पार्किंग प्लॉट में की गई। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मनीषा (25) और सपना (28), निवासी पकड़ी भदर, थाना हनुमानगंज, जिला सुल्तानपुर के रूप में हुई है।

संयुक्त टीम ने संदिग्ध महिलाओं के 9 पीठू बैग और 2 अन्य बैगों की तलाशी ली तो अंदर छिपाकर रखे गए 23 बड़े आकार के जीवित कछुए मिले। इस बरामदगी से मौके पर हड़कंप मच गया।

पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि उन्होंने सुल्तानपुर और अमेठी के तालाबों से कछुए पकड़े थे और उन्हें बिना किसी वैध लाइसेंस के बिक्री के लिए पश्चिम बंगाल ले जा रही थीं। यानी तालाबों से पकड़कर कछुओं की तस्करी का पूरा खेल चल रहा था।

कार्रवाई के बाद शाम 4:05 बजे दोनों गिरफ्तार महिलाओं और बरामद कछुओं को वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया गया। वाराणसी वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा संख्या 73/26-27 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

TOP

You cannot copy content of this page