सोनभद्र में अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह महिलाओं समेत सात गिरफ्तार

रॉबर्ट्सगंज और ओबरा में चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा, 1.87 लाख रुपये नकद और करीब 2.10 लाख के आभूषण बरामद

सोनभद्र। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह महिलाओं और एक पुरुष समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 87 हजार 200 रुपये नकद, करीब 2 लाख 10 हजार रुपये कीमत के पीली धातु के आभूषण, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की जा रही करीब 13 लाख रुपये कीमत की बोलेरो गाड़ी भी पुलिस ने जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के नेतृत्व में चोरी और छिनैती की घटनाओं के खुलासे के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 17 नवंबर को रॉबर्ट्सगंज थाने की विभिन्न चौकियों की पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पंचमुखी महादेव मंदिर, सहिजन खुर्द के पास घेराबंदी की। इस दौरान बोलेरो में सवार छह महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया गया।

भीड़भाड़ वाले बाजारों और धार्मिक स्थलों को बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और त्योहारों के दौरान महिलाओं को निशाना बनाते थे। पुरुष आरोपी किशन कुमार बोलेरो चलाता था और अलग-अलग स्थानों पर रेकी कर महिलाओं की अधिक भीड़ वाले स्थानों को चिह्नित करता था। इसके बाद गिरोह की महिला सदस्य भीड़ में शामिल होकर महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी कर लेती थीं। चोरी के आभूषण बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांट लिया जाता था।

पांच चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र की चार तथा ओबरा थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। बरामद आभूषणों में शामिल एक लॉकेट को मु0अ0सं0 927/2026 की वादिनी ने मौके पर पहुंचकर अपना चोरी हुआ लॉकेट पहचान लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पीली धातु का लॉकेट, एक अंगूठी, ओम लिखा लॉकेट, एक जोड़ी झुमके, कान के टॉप्स समेत अन्य सामान बरामद किया है। इसके साथ ही तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,87,200 रुपये नकद भी मिले हैं। घटना में प्रयुक्त बोलेरो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।

गोरखपुर जिले के रहने वाले हैं सभी आरोपी

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान अर्चना, रीना, अंशिका, नेहा कुमारी उर्फ काजल, अंजली और सुनीता देवी के रूप में हुई है। वहीं पुरुष आरोपी की पहचान किशन कुमार पुत्र शम्भूनाथ के रूप में हुई है। सभी आरोपी जनपद गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के सिधुआपार लक्ष्मीपुर और कुरांव गांव के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के विरुद्ध रॉबर्ट्सगंज थाने में चार और ओबरा थाने में एक मुकदमा दर्ज है। संबंधित मामलों में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सहयोगियों और चोरी के आभूषण खरीदने वाले लोगों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर बनारसी यादव, उपनिरीक्षक अनिल विश्वकर्मा, उमाशंकर यादव, धर्मनारायण भार्गव सहित रॉबर्ट्सगंज थाने के पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

TOP

You cannot copy content of this page