ड्यूटी के दौरान अचानक सीने में उठा दर्द, इलाज के दौरान सब इंस्पेक्टर सदाशिव राय की मौत

शक्तिनगर थाने के हल्का नंबर-1 में थे तैनात, निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर

शक्तिनगर (सोनभद्र)। थाना शक्तिनगर क्षेत्र के हल्का नंबर-1 में तैनात सब इंस्पेक्टर सदाशिव राय (57 वर्ष) की मंगलवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सदाशिव राय पुत्र स्वर्गीय राम प्यारे मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी के लिए थाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने और बाजू में तेज दर्द होने लगा। उनकी हालत बिगड़ती देख साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल एनटीपीसी शक्तिनगर स्थित संजीवनी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी सत्येंद्र राय ने बताया कि सब इंस्पेक्टर सदाशिव राय सुबह ड्यूटी के लिए थाने आए थे। अचानक सीने और बाजू में दर्द होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बताया गया कि सदाशिव राय मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी थे और वर्तमान में अपने छोटे बेटे के साथ शक्तिनगर स्थित सरकारी आवास में रह रहे थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस द्वारा आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रॉबर्ट्सगंज भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

सहकर्मियों के अनुसार, सदाशिव राय सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उनके आकस्मिक निधन से साथी पुलिसकर्मियों और परिजनों में शोक व्याप्त है। वहीं, मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

TOP

You cannot copy content of this page