वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर स्थित केजे इंटरनेशनल होटल में मंगलवार को युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। होटल के एक कमरे में दोनों के शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान जय विकास (20), निवासी भिखारीपुर बीएलडब्ल्यू और प्रिया केसरी (23), निवासी बसनी बड़ागांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आपस में रिश्तेदार थे।
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान और एडीसीपी नृपेन्द्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में होटल के कमरे का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। युवती का शव कमरे में पड़ा था, जबकि युवक का शव फंदे से लटका मिला। युवती के गले पर चाकू से चोट के निशान पाए गए।
प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग के चलते युवती की हत्या के बाद युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और होटल में हुई इस घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
