
दशहरे से दहशत में थे लोग, वन विभाग कहता रहा फिशिंग कैट
वाराणसी-(काशीवार्ता )-कैंटोनमेंट क्षेत्र के बंगला नंबर 61 में आखिरकार तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। दशहरे से ही इस इलाके में तेंदुए की दहशत थी। रात होते ही लोग घरों से निकलने से डरते थे, लेकिन वन विभाग हर बार इसे फिशिंग कैट बताकर मामले को टाल देता था। बताया जा रहा है कि दशहरे के आसपास पहली बार कैंट में तेंदुए के मूवमेंट के निशान मिले थे। स्थानीय लोगों ने कई बार वन विभाग को सूचना दी सीसीटीवी फुटेज भी दिखाए, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। हर बार जवाब मिलता था ये तेंदुआ नहीं, फिशिंग कैट है। आज सुबह जब बंगला नंबर 61 में लगाए गए ट्रैप केज में तेंदुआ कैद हुआ तो विभाग के दावों की पोल खुल गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया।हास्यास्पद यह है कि इतने दिनों तक मामले से पल्ला झाड़ने के बाद आज तेंदुआ पकड़े जाने पर प्रभागीय वनाधिकारी निधि चौहान कोई जवाब नहीं दे पाईं। उनकी चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर विभाग शुरू में ही इसे गंभीरता से ले लेता तो इतने दिनों तक दहशत का माहौल नहीं बनता। फिलहाल पकड़े गए तेंदुए के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है, जिसके बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।
