वाराणसी। जनगणना 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार काशीवासियों को जनगणना में भागीदारी के लिए एक खास सुविधा मिलने जा रही है। अब लोगों को परिवार की जानकारी दर्ज कराने के लिए प्रगणक का इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि वे घर बैठे ही ऑनलाइन अपने परिवार का पूरा विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
जिला प्रशासन के अनुसार, जनगणना 2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए सबसे पहले पोर्टल पर जाकर उत्तर प्रदेश राज्य का चयन करना होगा। इसके बाद अपनी पसंदीदा भाषा चुनकर मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करना होगा। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के जरिए सत्यापन पूरा होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
स्व-गणना के दौरान नागरिकों को अपने निवास स्थान की पुष्टि करनी होगी। यदि उनका मोबाइल नंबर पहले चरण में दर्ज मोबाइल नंबर से मेल खाता है तो प्रश्नावली सीधे खुल जाएगी। अन्यथा मानचित्र के माध्यम से जनपद, उप-जिला, गांव या नगर और आसपास के पहचान चिह्न का चयन कर निवास स्थान की पुष्टि करनी होगी।
इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर सावधानीपूर्वक भरने होंगे। प्रश्न संख्या 1 से 6 और डैशबोर्ड पर उपलब्ध प्रश्न संख्या 7 से 40 तक की जानकारी दर्ज करनी होगी। सभी विवरण भरने के बाद ‘परिवार की समीक्षा करें’ विकल्प पर क्लिक कर जानकारी की जांच करना जरूरी होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम रूप से सबमिट करने के बाद विवरण में संशोधन संभव नहीं होगा।
स्व-गणना सफलतापूर्वक पूरी होने पर नागरिकों को ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट SE ID मिलेगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना होगा और घर के अन्य सदस्यों के साथ भी साझा करना होगा।
प्रगणक के पहुंचने पर दिखानी होगी SE ID
ऑनलाइन स्व-गणना करने के बाद भी जनगणना प्रगणक के घर पहुंचने पर अपनी SE ID उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। प्रगणक अपने मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आईडी का मिलान करेंगे। मिलान सफल होने पर ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन कर उसे स्वीकार किया जाएगा। यदि किसी कारणवश आईडी का मिलान नहीं हो पाता है तो प्रगणक परिवार की जानकारी दोबारा संकलित करेंगे।
जिला प्रशासन ने काशीवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें और परिवार का सही एवं पूर्ण विवरण दर्ज कराएं। प्रशासन का कहना है कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है।
