
गाजियाबाद। दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाली चिंगारी एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित GH-7 सोसाइटी में 10वीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस दौरान फ्लैट बंद था और अंदर कोई मौजूद नहीं था। इससे जनहानि होने से बच गई।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि पटाखे से निकली चिंगारी फ्लैट की बालकनी में जा गिरी, जिससे वहां रखे सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फ्लैट में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में दहशत का माहौल है। इस हादसे ने एक बार फिर पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने और ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
