
सोनभद्र। धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में 6 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस बल के साथ रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुश्री मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। पैदल गश्त के दौरान एसपी ने बाजारों में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
एसपी ने विशेष रूप से सर्राफा और आभूषण की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, दुकानों के प्रवेश और निकास द्वार पर निगरानी बनाए रखने तथा नकदी और कीमती आभूषणों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आमजन और व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
