
कासगंज/उत्तर प्रदेश।
पंच महापर्व के प्रथम पर्व धनतेरस के अवसर पर धार्मिक नगरी सोरों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह ने क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान, थाना प्रभारी सोरों और भारी पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा और शांति व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि धनतेरस से लेकर दीपावली, भाई दूज और छठ पर्व तक सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुलिस लगातार लोगों से संवाद कर रही है। शांति सुरक्षा समितियों की बैठकें आयोजित कर आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों और डिजिटल वॉलिंटियर्स के माध्यम से पूरे जनपद में निगरानी रखी जा रही है। बाजारों और सर्राफा प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।
एसपी ने पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की। खासतौर पर बच्चों को पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी पर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी।
अंत में कासगंज पुलिस ने जनता से अपील की कि त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी संदिग्ध वीडियो या फोटो पर बिना पुष्टि विश्वास न करें और अफवाहों से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
