
वाराणसी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत एसीपी रोहनिया द्वारा पटाखा विक्रय स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटाखा बिक्री से जुड़े स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसीपी ने पटाखा विक्रेताओं को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी। साथ ही सभी को आग से बचाव के इंतजाम दुरुस्त रखने, अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने और निर्धारित नियमों के अनुसार ही पटाखों की बिक्री करने के संबंध में ब्रीफ किया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुकानदारों को ग्राहकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित स्थान पर ही बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित लोगों को सतर्क रहने की अपील भी की। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
