
वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में माता अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। वर्ष में केवल पांच दिनों के लिए खुलने वाले माता के विशेष दर्शन को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।
माता अन्नपूर्णा के दिव्य स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन और खजाना प्राप्त करने की कामना लेकर सिर्फ पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से भी श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं। भक्तों की भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भोर पांच बजे से ही महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
अन्नपूर्णा मंदिर के महंत के अनुसार, अगले पांच दिनों तक श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सुगम दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
धार्मिक मान्यता है कि माता के दर्शन के बाद मंदिर से मिलने वाले धान और सिक्कों के रूप में खजाने को घर में सुरक्षित रखने से मां की कृपा बनी रहती है। मान्यता के अनुसार, इससे घर में कभी धन-धान्य की कमी नहीं होती और सुख-समृद्धि के साथ बरकत बनी रहती है। काशी में इन दिनों माता अन्नपूर्णा के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा है।
