
वाराणसी। आगामी त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लहरतारा, बौलिया समेत शहर के प्रमुख भीड़भाड़ वाले चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी से आम लोगों और व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने का प्रयास किया गया।

त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, यातायात के दबाव और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई है। पैदल मार्च के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने और माहौल खराब करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए।
वाराणसी पुलिस का उद्देश्य है कि त्योहारों का उत्सव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो और आमजन बिना किसी भय के खरीदारी और धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।
