
सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सुजुकी सियाज कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर की रात करीब 8:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लोढ़ी स्थित टीवीएस गोदाम के पास गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान शाहजहांपुर निवासी सत्यम यादव (21) और सीबू अली (24) के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि आरोपी कार में गुप्त केबिन बनाकर गांजा छिपाते थे और इसी के जरिए तस्करी करते थे। तलाशी के दौरान तीन प्लास्टिक के कट्टों में रखे 43 पैकेट गांजा बरामद हुए।
एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
