
वाराणसी। दीपावली के बीच काशी समेत देश के तीन प्रमुख धार्मिक शहरों को बम धमाकों से दहलाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से वाराणसी नगर निगम के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया है। इसमें वाराणसी, मथुरा और अयोध्या को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल में 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच स्कूलों और मंदिरों में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है।
धमकी की जानकारी सामने आते ही कमिश्नरेट पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। एहतियातन काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), केंद्रीय विद्यालय, सेंट्रल हिंदू स्कूल (CHS), नगर निगम परिसर और शहर के प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही सभी थानों को अलर्ट जारी कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन धार्मिक शहरों को निशाना बनाने की चेतावनी
धमकी भरे ई-मेल में काशी के अलावा मथुरा और अयोध्या को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है। संदेश की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच में जुट गई हैं। पुलिस ई-मेल के स्रोत, उसकी प्रामाणिकता और इसे भेजने वाले की पहचान का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल शहर के संवेदनशील इलाकों, धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और सरकारी परिसरों में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
