
वाराणसी। काशी में अब अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान राम और श्रीकृष्ण में भेद करने वाले बयान पर बुधवार को वरिष्ठ अधिवक्ता एवं यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में दर्जनों अधिवक्ता वाराणसी के पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और कथावाचक के खिलाफ ज्ञापन सौंपकर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा, “कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने सनातन धर्म की आस्था को ठेस पहुंचाने का काम किया है। जो राम और कृष्ण को बांटने की बात करे, वह धर्माचार्य नहीं हो सकता। समाज के हर वर्ग को इसकी निंदा करनी चाहिए।”
विकास सिंह ने कहा कि पहले भगवान कृष्ण को लेकर कहा गया कि “तुम्हारे कृष्ण टेढ़े हैं, हमारे राम सीधे हैं, बंसी बजाना खेल है” और अब भगवान राम को लेकर कहा गया कि “प्रभु राम के पांच बाप थे।” पहले कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया, अब राम के पिता के बारे में अभद्रता प्रसारित हो रही है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। भगवान श्रीकृष्ण जी व भगवान श्रीराम जी का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में विकास सिंह के साथ सेंट्रल बार के महामंत्री आशीष सिंह, राहुल श्रीवास्तव एडवोकेट, अनूप सिंह एडवोकेट, अजहर खान एडवोकेट, दीपक उपाध्याय एडवोकेट, अखिलेश सिंह एडवोकेट, साधु आदि रहे।
