वाराणसी। धर्मनगरी काशी में यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना तेजी से अपने अंतिम चरण में पहुंच रही है। वाराणसी रोपवे का करीब 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा होने की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही परियोजना के तहत ट्रायल रन भी शुरू कर दिया गया है। ट्रायल के दौरान रोपवे की तकनीकी व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है।
इस परियोजना के शुरू होने से वाराणसी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक का सफर आसान और सुविधाजनक हो सकेगा। वर्तमान में इस मार्ग पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। रोपवे शुरू होने से सड़क यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
करीब 3.8 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को काशी के परिवहन ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। निर्माण कार्य और ट्रायल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसके नियमित संचालन का रास्ता साफ होगा।
चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस परियोजना का लोकार्पण कर सकते हैं। हालांकि, लोकार्पण की आधिकारिक तारीख की घोषणा अभी नहीं हुई है।
