धीरेंद्र शास्त्री के कथावाचन पर रोक लगाने की मांग, यादव महासभा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

भगवान श्रीकृष्ण और एक समुदाय पर अभद्र टिप्पणी करने का लगाया आरोप, सार्वजनिक कथा वाचन पर प्रतिबंध लगाने की उठाई मांग

दुद्धी। कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित टिप्पणियों को लेकर अखिल भारतीय यादव महासभा ने कड़ी आपत्ति जताई है। मंगलवार को महासभा के पदाधिकारियों ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम दुद्धी को सौंपकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सार्वजनिक कथा वाचन पर रोक लगाने की मांग की।

महासभा के पदाधिकारियों का आरोप है कि मध्य प्रदेश के शिवपुरी में कथा वाचन के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक समुदाय और भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में अमर्यादित टिप्पणियां की थीं। संगठन का कहना है कि सनातन धर्म की चर्चा करते हुए भगवान राम और श्रीकृष्ण को अलग-अलग रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया, जो उचित नहीं है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण के चरित्र को लेकर अभद्र बातें कहीं और प्रभु श्रीराम के सेवक हनुमान जी के प्रति भी अपमानजनक टिप्पणी की। महासभा के सदस्यों ने इन टिप्पणियों पर विरोध जताते हुए राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सार्वजनिक कथा वाचन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की टिप्पणियों की पुनरावृत्ति न हो।

इस दौरान बृजकिशोर यादव, आरसी यादव, अमिताभ यादव, कार्तिक यादव और भगवत प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page