
जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, पूरे नवंबर माह चलेगा जागरूकता और चेकिंग अभियान
कासगंज। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस चौकी सोरों गेट पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, एसडीएम सदर एसएन त्रिपाठी, एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा, सीओ यातायात रजनीश कुमार उपाध्याय, सीओ नगर आंचल चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ओपी सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
इस दौरान एसपी ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को स्वयं हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर नागरिकों को हेलमेट भी वितरित किए गए। वहीं, जागरूकता रैली के माध्यम से शहरवासियों को यातायात नियमों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पूरे नवंबर माह में कासगंज पुलिस और यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रमों के साथ चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग करें तथा जिम्मेदारी से वाहन चलाकर स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखें।
