
4.5 किलोमीटर लंबी परियोजना का निर्माण जारी, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी ने संयुक्त प्रयास से सड़क से निकलवाया पानी
वाराणसी। अखरी-भिखारीपुर मार्ग पर बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव से जल्द स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। इस समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से 14.89 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉर्म वाटर ड्रेन लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 4.5 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का काम तेजी से प्रगति पर है। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में बारिश के पानी की निकासी की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि अखरी-भिखारीपुर मार्ग (वाराणसी-अदलपुरा-चुनार मार्ग) के आसपास तेजी से शहरी विस्तार हुआ है, लेकिन इसके अनुरूप जलनिकासी की व्यवस्था विकसित नहीं हो सकी। इसके चलते बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा हो जाता है और आवागमन प्रभावित होता है।
हाल ही में अर्णव चक्रवात के प्रभाव से हुई बारिश के बाद मार्ग पर फिर जलभराव की स्थिति बन गई थी। इसे देखते हुए नगर निगम और पीडब्ल्यूडी ने संयुक्त रूप से पंपिंग कराकर सड़क से पानी निकलवाया। अधिकारियों के मुताबिक, मार्ग के आसपास कुछ भवनों के बेसमेंट और खाली प्लॉटों का पानी भी सड़क पर छोड़ा जा रहा है, जिससे समस्या बढ़ रही है।
वहीं, जलभराव के चलते सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी ने क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की है। टीम प्रतिदिन मौके पर पहुंचकर गड्ढों की मरम्मत कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रेनेज परियोजना पूरी होने से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
