दीपावली पर सोनभद्र पुलिस ने 151 परिवारों को लौटाई खुशियां, ₹27 लाख के गुम मोबाइल फोन बरामद

सितंबर से अब तक CEIR पोर्टल की मदद से ट्रेस किए गए 151 मोबाइल, वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए फोन; मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे

सोनभद्र। दीपावली के पर्व पर सोनभद्र पुलिस ने 151 परिवारों को खुशियों की सौगात दी है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर करीब 27 लाख रुपये कीमत के 151 खोए और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को दीपावली पर फोन वापस मिलने से उनके चेहरे खिल उठे।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और जनपद के सभी थानों की संयुक्त टीमों ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के जरिए मोबाइल फोन की तलाश की।

पुलिस के मुताबिक, सितंबर 2026 से अब तक CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से कुल 151 गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वितरित किए। खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए सोनभद्र पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह सफलता सर्विलांस सेल, एसओजी और जनपद के सभी थानों के आपसी समन्वय, तकनीकी दक्षता और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

मोबाइल गुम होने पर तत्काल दें सूचना

सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने या गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने की कार्रवाई की जा सके।

TOP

You cannot copy content of this page