
सोनभद्र। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने गुण्डा एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), सोनभद्र के आदेश पर पुलिस ने गुरुवार को अभियुक्त को जनपद की सीमा से बाहर भेजकर जिला बदर आदेश की नोटिस तामील कराई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जिला बदर किए गए अभियुक्त की पहचान रवि रावण पुत्र संजय कुमार, निवासी निमियाटाड़ बस्ती, थाना शक्तिनगर, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने 5 नवंबर 2026 से आगामी छह माह तक उसे जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर की अवधि के दौरान यदि अभियुक्त सोनभद्र की सीमा में प्रवेश करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक सदाशिव राय, उपनिरीक्षक दिनेश गौतम और कांस्टेबल अमृतलाल कुमार शामिल रहे।
