धनतेरस पर खुले मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी प्रतिमा के कपाट, पांच दिनों तक भक्तों को होंगे दर्शन

वाराणसी। धर्मनगरी काशी में धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को मां अन्नपूर्णा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी यानी धनतेरस पर विधि-विधान से पूजन और आरती के बाद मां अन्नपूर्णा की स्वर्णमयी प्रतिमा के कपाट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए।

कपाट खुलते ही मंदिर परिसर में मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मान्यता है कि मां अन्नपूर्णा के दर्शन और पूजन से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है तथा अन्न-धन की कमी नहीं होती।

मंदिर परंपरा के अनुसार, वर्ष में एक बार धनतेरस के अवसर पर मां के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन भक्तों के लिए खोले जाते हैं। इस बार श्रद्धालु लगातार पांच दिनों तक मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर सकेंगे। 10 नवंबर तक चलने वाले इस विशेष दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने की उम्मीद है।

धनतेरस से शुरू हुई यह धार्मिक परंपरा काशी की प्राचीन आध्यात्मिक विरासत और मां अन्नपूर्णा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक है।

TOP

You cannot copy content of this page